एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करते, यह केवल भ्रामक प्रचार : विकास उपाध्याय

रायपुर, 2 जून (हि.स.)। रायपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विकास उपाध्याय ने कहा कि एग्जिट पोल एक तरीके का भ्रामक प्रचार है। हम एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करते हैं। परिणाम को लेकर किसी भी एग्जिट पोल पर बात करना सही नहीं है।

सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में चार जून को होने वाली मतगणना के लिए जिला कांग्रेस भवन में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण में शामिल होने पहुंचे रायपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विकास उपाध्याय से मीडिया ने चर्चा की। एक्जिट पोल को लेकर उन्होंने कहा कि 10 साल से भाजपा सत्ता में है, लोगों का विश्वास उठ गया है। राहुल गांधी पदयात्रा के माध्यम से लोगों तक पहुंचे। कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने मेहनत के साथ काम किया है। महंगाई-बेरोजगारी के साथ अन्य मुद्दों को लेकर जनता परेशान है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि चुनाव से पहले पांच गारंटी को लेकर हम जनता के बीच गए हैं। कांग्रेस पार्टी ने समस्याओं की लड़ाई लड़ी है। संघर्ष का परिणाम जरूर मिलेगा। एग्जिट पोल पर हम विश्वास नहीं करते हैं। भाजपा अपने प्रोपेगेंडा पर सफल नहीं होगी। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मजबूती से कार्य किया है। निश्चित रूप से चुनाव परिणाम मेहनत के मुताबिक आएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल/गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर