असम बीआरओ में तैनात औरैया निवासी जवान की हृदय गति रुकने से मृत्यु

फोटोफोटोफोटोफोटोफोटो

औरैया, 20 जून (हि.स.)। जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीआरओ जवान की हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गयी। जवान गुवाहाटी के तेजपुर में तैनात था। बेटे की मृत्यु की सूचना उसके परिवारीजनों को गुरुवार को मिलते ही कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गयी।

फफूंद के तर्रई गांव निवासी 38 वर्षीय राजवीर दोहरे पुत्र रामस्वरूप दोहरे 2008 में सीमा सड़क संगठन (बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन) तेजपुर बटालियन में भर्ती हुआ था। इन दिनों जवान जी.आर.ई.एफ तेजपुर असम गुवाहाटी में तैनात था। जवान की आज सुबह हृदय अद्यात की शिकायत हुई। उसे बटालियन के अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसकी सांसें थम गई। हृदय गति रुकने से मृत्यु की सूचना गुवाहाटी से जवान के परिवारीजनों को औरैया में दी गयी। जवान की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मामले की खबर इलाके में फैलते ही गांव व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी। राजवीर अपने पीछे 13 वर्षीय बेटी सुभी, 11 वर्षीय बेटा कृष्णा तथा नौ वर्षीय बेटा अंश के अलावा पत्नी साधना देवी को छोड़ गया। इस खबर की जानकारी के बाद पत्नी बच्चों के आंखों के आंसू नहीं थम रहे हैं। जवान का पार्थिव शरीर देर शाम तक उसके पैतृक गांव औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के तर्रई में पहुंचने की बात बताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील /मोहित

   

सम्बंधित खबर