रामोत्सव 2024 के लिए झांसी के पांच कलाकार चयनित

प्रभु श्रीराम की कलाकृति

- राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ ने झांसी जिले के कलाकारों का किया चयन

झांसी,22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित रामोत्सव 2024 के लिए झांसी जनपद के पांच कलाकारों का चयन किया गया है। यह कलाकार राम पर आधारित कलाकृतियों का निर्माण करेंगे, जिसे लखनऊ में प्रदर्शित किया जाएगा।

रामोत्सव 2024 आयोजन की संयोजक एवं ललित कला संस्थान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की समन्वयक डॉ. श्वेता पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि अकादमी से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार जिले के कलाकारों का नाम उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ को भेजा गया था, जिसमें से पांच कलाकारों का चयन रामोत्सव 2024 के लिए किया गया है। यह कलाकार राम पर आधारित चित्रों का निर्माण करेंगे, जिन्हें लखनऊ में प्रदर्शित किया जाएगा।

डॉ. पाण्डेय ने बताया कि रामोत्सव 2024 के लिए जनपद के जिन कलाकारों चयनित किया गया है उनमें गजेंद्र सिंह, तनुज विश्वास, अंजलि राजपूत, अलादीन और शिवांगी सोनी हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी द्वारा जारी दिशा निर्देश के अनुसार प्रत्येक चयनित कलाकार को पांच दिनों में रामोत्सव पर आधारित एक चित्र का निर्माण करना है। इसके लिए कैनवास का आकार 36x42 इंच का होना चाहिए। राम के जीवन पर आधारित ही चित्रों का निर्माण किया जाना है।

डॉ. पाण्डेय ने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र से भगवान राम का बहुत ही गहरा जुड़ाव रहा है। अपने वनवास के समय में अधिकतर समय भगवान राम ने बुंदेलखंड क्षेत्र में ही बिताया है। आज भी बुंदेलखंड में राम की पूजा राजा के रूप में की जाती है। झांसी जनपद से प्रभु राम पर आधारित कार्यक्रम में यहां से कलाकारों का चयन होना गर्व की बात है। उन्होंने आशा जताई कि अकादमी द्वारा चयनित कलाकार रामोत्सव 2024 के लिए विषय आधारित कलाकृतियों का निर्माण करेंगे और प्रदेश एवं देश के स्तर पर अपना और अपने जनपद का नाम करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/मोहित

   

सम्बंधित खबर