मोदी सरकार ने देश में एंटी पेपर लीक कानून लागू किया, युवाओं के भविष्य से नहीं होगा खिलवाड़ : सीपी जोशी

चित्तौड़गढ़, 22 जून (हि.स.)। भारतीय जनजा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी शनिवार को प्रतापगढ़ के दौरे पर रहे, जहां विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत अभिनंदन किया गया। इस दौरान आयोजित धन्यवाद सभा को सम्बोधित करते हुए सीपी जोशी ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए दिन-रात काम करने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाली जनता का आभार व्यक्त किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले दस वर्षों में जनहित और देशहित में अभूतपूर्व काम किए। देश विदेश में बढ़ती उनकी लोकप्रियता को देखते हुए कई विपक्षी दलों ने एक जुट होकर उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए भ्रम फैलाया, लेकिन जनता के भरोसे से देश में लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना पूरा होगा। जोशी ने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं के हित में निर्णय लेते हुए पेपर लीक करने वालों को कड़ी सजा देने के लिए देश में ’’लोक परीक्षा कानून-2024’’ लागू कर दिया है। इसके तहत पेपर लीक करने या आंसर शीट के साथ छेड़छाड़ करने का दोषी पाए जाने वाले को कम से कम तीन साल की सजा मिलेगी व दस लाख रुपये तक के जुर्माने के साथ पांच साल बढ़ाया जा सकता है। अगर पेपर लीक प्रकरण में कोई सरकारी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा तो उसे कम से कम तीन साल व अधिकतम 10 साल की सजा हो सकती है, वहीं एक करोड़ रुपये का जुर्माना देना होगा।

जोशी ने कहा कि कई दशकों के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति आई, जिसे सभी सरकारों और संगठनों से बात कर आदर्श शिक्षा नीति बनाया गया। जबकि कांग्रेस ने हमेशा से भारतीय संस्कृति और शिक्षा को नष्ट कर अंग्रेजियत फैलाने का काम किया है। आरोप लगाने और झूठ बोलने में कांग्रेस माहिर है। इतने वर्षों तक यही खेल करके देश और प्रदेश में राज किया था। अब देश की जनता इनका असली चेहरा जान गई है। पूर्व की कांग्रेस सरकार ने राजस्थान के युवाओं का भविष्य खराब करने का काम किया था। प्रदेश में ऐसी कोई परीक्षा नही हुई जिसका पेपर लीक ना हुआ हो। पेपर लीक माफिया को सरकार और कांग्रेस के नेताओं का संरक्षण था। पेपर लीक के मुख्य आरोपित सुरेश ढाका को सरकार के संरक्षण में गिरफ्तार नहीं किया गया, उसको बचाने के लिए यूपीए सरकार में कानून मंत्री रहे सलमान खुर्शीद को वकील बनाया गया। इससे स्पष्ट होता है कि पेपर लीक और राजस्थान के युवाओं का भविष्य खराब करने में सीधे रूप से कांग्रेस पार्टी जुड़ी हुई थी।

जोशी ने सुंदर सिंह भण्डारी की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रतापगढ़ नगर में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सुंदर सिंह भण्डारी सादा जीवन उच्च विचार की प्रतिमूर्ति थे। अविवाहित रहते हुए उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित कर अंतिम सांस तक आरएसएस की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने आरएसएस पर लगे प्रतिबंध को हटवाने के लिए जोधपुर, बीकानेर के साथ-साथ शेखावाटी में भी भूमिगत आंदोलन चलाया था। उन्होंने स्वयं की नहीं, हमेशा पार्टी-संगठन और राष्ट्र की चिंता की। जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्नान किया है। हम सभी को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि 23 जून से लेकर उनकी जन्मतिथि छह जुलाई तक हर शक्ति केन्द्र, हर बूथ पर एक पेड़ लगाना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रतापगढ़ जिला कार्यालय का निरीक्षण कर वृक्षारोपण किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अरनोद में होरी हनुमान के दर्शन कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की। इस दौरान राजस्थान सरकार में राजस्व व उपनिवेशन मंत्री व प्रतापगढ़ विधायक हेमन्त मीणा, जिलाध्यक्ष गोपाल कुमावत सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आमजन की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर