आपातकाल के काले दिन हमें याद दिलाते हैं कि किस तरह कांग्रेस पार्टी ने बुनियादी स्वतंत्रताओं को खत्म किया: रेखा

जम्मू, 25 जून (हि.स.)। आपातकाल लागू होने की 49वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की जम्मू दक्षिण जिला अध्यक्ष रेखा महाजन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस की तीखी आलोचना की और कहा कि आपातकाल के काले दिन हमें याद दिलाते हैं कि किस तरह कांग्रेस पार्टी ने भारत के संविधान को रौंद दिया। आज भाजपा ने 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल की याद में एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम की घोषणा की है। रेखा महाजन ने उस अवधि के दौरान सत्ता के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक स्वतंत्रताओं के दमन की निंदा की और लोकतंत्र के अस्तित्व का श्रेय संवैधानिक मानदंडों को बहाल करने के लिए लड़ने वालों के बलिदान को दिया।

उन्हने ने इस बात पर जोर दिया कि आज का दिन उन सभी महान पुरुषों और महिलाओं को श्रद्धांजलि देने का दिन है जिन्होंने आपातकाल का विरोध किया। आपातकाल के काले दिन हमें याद दिलाते हैं कि किस तरह कांग्रेस पार्टी ने बुनियादी स्वतंत्रताओं को खत्म किया और भारत के संविधान को रौंद दिया, जिसका हर भारतीय बहुत सम्मान करता है। उन्होंने आगे कहा कि सत्ता पर काबिज रहने के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने हर लोकतांत्रिक सिद्धांत की अवहेलना की। महाजन ने आगे कहा, कांग्रेस से असहमत होने वाले हर व्यक्ति को प्रताड़ित किया जाता था और परेशान किया जाता था। सबसे कमजोर तबकों को निशाना बनाने के लिए सामाजिक रूप से प्रतिगामी नीतियां लागू की गईं।

उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाने वालों को हमारे संविधान के प्रति अपने प्यार का इज़हार करने का कोई अधिकार नहीं है। ये वही लोग हैं जिन्होंने अनगिनत मौकों पर अनुच्छेद 356 लगाया, प्रेस की आज़ादी को खत्म करने वाला विधेयक पारित किया, संघवाद को नष्ट किया और संविधान के हर पहलू का उल्लंघन किया अगर आज भी इस देश में लोकतंत्र जिंदा है, तो इसका श्रेय उन लोगों को जाता है जिन्होंने लोकतंत्र को बहाल करने के लिए संघर्ष किया, जेल गए और इतनी शारीरिक और मानसिक यातनाएं झेलीं।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर