लोस चुनाव : चंदौली सीट से केन्द्रीय मंत्री महेन्द्रनाथ की हार, सपा के वीरेन्द्र सिंह जीते

चुनाव प्रचार के शुरूआती चरण से ही पांडेय का लोकसभा में झपकी लेने का फोटो वायरल कर सपा ने बढ़त ले ली

चंदौली, 04 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में मंगलवार को हुए मतगणना में चंदौली लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री डॉ.महेन्द्रनाथ पांडेय को इंडी गठबंधन के प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने हार का स्वाद चखा दिया है। मतगणना के शुरूआती चरण से ही कांटे की टक्कर के बीच महेन्द्रनाथ पांडेय बीस पड़ते रहे तो कभी वीरेन्द्र सिंह। सांस रोक देने वाले इस सियासी मुकाबले में आखिरकार वीरेन्द्र सिंह ने महेन्द्रनाथ पांडेय को पटखनी दे दी।

मतगणना के अन्तिम चक्र में इंडी गठबंधन के प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह 22342 मतों से विजयी घोषित हुए। मतगणना में शुरुआती रूझान में जो मुकाबला कांटे का लग रहा था, वह जाकर 19वें राउंड के बाद साफ होने लगा और 25वें राउंड की गिनती के बाद वीरेंद्र सिंह ने भाजपा प्रत्याशी से बढ़त बना ली और ये अंत तक बरकरार रही।

अन्तिम चक्र में सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह को 4 लाख 73 हजार से अधिक वोट मिला। भाजपा के डॉ महेंद्र नाथ पांडेय को 4 लाख 50 हजार से अधिक और बसपा के सत्येंद्र कुमार मौर्य को 1 लाख 59 हजार मत मिला। मुख्यालय स्थित नवीन मंडी परिसर में चल रही मतगणना को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह रहा। डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय भाजपा से तीसरी बार प्रत्याशी बनाए गए। जीत की हैट्रिक लगाने के लिए उन्होंने चुनाव में पूरी ताकत लगा दी।

चुनाव के मध्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,गृहमंत्री अमित शाह,रक्षामंत्री राजनाथ सिंह,प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जनसभा कर पांडेय के पक्ष में जमकर माहौल बनाया। लेकिन तमाम कवायद के बाद भी इस बार लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की साइकिल खूब दौड़ी। इसमें इंडी गठबंधन के कोर मतदाताओं का साथ भी वीरेंद्र सिंह को मिलता दिख रहा है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक और मंत्री रहे वीरेंद्र सिंह की क्षेत्र में खास कर सजातीय मतदाताओं में अच्छी पकड़ है। इसका लाभ भी उन्हें मिला। चुनाव के शुरूआत में ही महेन्द्रनाथ पांडेय का सोशल मीडिया में एक फोटो सुनियोजित तरीके से वायरल हुआ। जिसमें डॉ पांडेय लोकसभा में सोते हुए दिखे। इस पर लोगों ने मीम्स बनाकर कहा कि चंदौली का भाग्य सो रहा। इसको लेकर सोशल मीडिया में कई दिनों तक सुर्खिया रही।

उल्लेखनीय है कि डॉ महेंद्र नाथ पांडेय वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी बेहद कम वोटों से जीते थे। 2019 के चुनाव में डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय को 5,10,733 और सपा के संजय सिंह चौहान को 4,96,774 वोट मिले थे। सुभासपा के रामगोविंद ने 18,985 वोट झटके थे। इससे पहले 2014 के चुनाव में बीजेपी के डॉ. महेंद्र नाथ पांडे को 4,14,135 वोट मिले थे। बसपा के अनिल कुमार मौर्य को 2,57,379 और सपा के रामकिशुन को 2,04,145 वोट मिल सके थे। कांग्रेस के तरूणेन्द्र चंद पटेल को 27,194 वोट हासिल हुए थे।

हिन्दुस्थान सममाचार/श्रीधर/राजेश

   

सम्बंधित खबर