केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने लगाया जीत का चौका, 54509 मतों से हुए विजयी

बीकानेर, 4 जून (हि.स.)। बीकानेर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने चौथी बार चुनाव जीत लिया है। मेघवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी राजस्थान के पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल को 54509 मतों से हराया है। अर्जुनराम मेघवाल को 561097 और गोविंदराम मेघवाल को 506588 वोट मिले है। चुनाव जीतने के बाद विधायक पश्चिम जेठानंद व्यास, विधायक पूर्व सिद्धीकुमारी, राजस्थान के मंत्री सुमित गोदारा, मेयर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने उन्हें बधाई प्रेषित की।

चुनाव जीतने के बाद अर्जुनराम मेघवाल ने पत्रकारों से बातचीत में लोकसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया और अपनी जीन उन्हें समर्पित करते हुए कहा कि बीकानेर को पहले सोलर का हब बनाया था अब सिरेमिक, फर्टीलाइजर, कृषि, पर्यटन, रेलवे विकास, उद्योग धंधों को विकसित भारत के साथ विकसित बीकानेर बनाना पहली प्राथमिकता रहेगी। विकसित भारत के साथ विकसित बीकानेर का सपना भी साकार करेंगे।

2004 से बीकानेर में बन रहा भाजपा का सांसद

बीकानेर लोकसभा सीट पर साल 2004 से भाजपा का सांसद जनता चुन रही है। उस समय सिने अभिनेता धर्मेंद्र ने कांग्रेस के रामेश्वर डूडी को हराया था। उसके बाद साल 2009 से 2019 तक अर्जुनराम मेघवाल चुनाव जीते। इस बार साल 2024 में चौथी बार अर्जुन राम मेघवाल को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया और उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की। मेघवाल ने 2009 में कांग्रेस के रेवतराम पंवार, 2014 में शंकर पन्नू और 2019 में कांग्रेस के मदनगोपाल मेघवाल को चुनाव में पटखनी दी।

बीकानेर में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के अर्जुनराम मेघवाल के चौथी बार चुनाव जीतने पर कार्यकर्ताओं ने रंग लगाकर मिठाई खिलाकर और पटाखे चलाकर जश्न मनाया। मोतीगढ़ से सामाजिक कार्यकर्ता दिल्ली खान कोहरी, मनीष सोनी, मोहन सुराणा, श्याम सुंदर चौधरी, बाबूलाल गहलोत, गोकुल जोशी, जितेंद्र रजवी, विजय उपाध्याय, संगीलाल गहलोत, भूपेंद्र शर्मा, पाबूदान सिंह, चंद्र जोशी, गोपाल अग्रवाल, सुमन छाजेड़, भारती अरोड़ा, निशांत गौड़, कमल आचार्य, अनिल हर्ष, महेंद्र ढाका सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा संभाग कार्यालय में जश्न

भारतीय जनता पार्टी बीकानेर लोकसभा से केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की लगातार चौथी बार चुनाव जीतने पर भाजपा जिलाध्यक्ष जालम सिंह भाटी के नेतृत्व में भाजपा संभाग कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाकर व एक दुसरे को लड्डू खिलाकर जीत की खुशी मनाई। जिलाध्यक्ष भाटी ने कहा बीकानेर लोकसभा से केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की लगातार चौथी जीत यह साबित करती है उनकी कितनी लोकप्रियता है उनके सौम्य एवं संवेदनशील व्यवहार ने बीकानेर की जनता की मन जीत लिया है अब देश की संसद में बीकानेर का मान बढ़ायेंगे, मैं बीकानेर देहात की सभी पांचों विधानसभाओ के भाजपा कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों व आमजन का आभार व्यक्त करता हूं आपने भाजपा पर विश्वास किया। संभाग कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं में श्याम पचारिया सवाई सिंह तंवर भंवरलाल जांगिड़ देवीलाल मेघवाल जितेंद्रसिंह राजवी भंवरदास स्वामी सहित प्रमुख लोग शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर