मंत्री सतपाल महाराज ने बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की

हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को सीसीआर सभागार में बाढ़ नियंत्रण के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी भू-भाग जलमग्न न हो, मैदानी क्षेत्रों में पानी निकासी के लिए पम्प की व्यवस्थाएं की जाए और भू-कटाव रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षात्मक दृष्टि से कट्टों में रेत भरकर रखा जाये।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मानसून काल शुरू होने वाला है। बाढ़ नियंत्रण एवं भू-कटाव रोकने के लिए विस्तृत अध्ययन करते हुए नदियों को चैनलाइज किया जाए और चैनलाइज से सम्बन्धित फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी बनाकर रिकार्ड में रखी जाये, ताकि कोई भी व्यक्ति चैनलाजेशन के विरुद्ध न्यायालय जाता है तो रिकॉर्ड प्रस्तुत किया जा सके।

उन्होंने कहा कि मां गंगा की धारा को चण्डी घाट के पास चैनलाइज करने के लिए विशेष सावधानी बरतते हुए ड्रोन से फोटो व वीडियोग्राफी कराते हुए साइंटिफिक प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि विभिन्न नदियों, झीलों एवं डैमों पर बने गेट्स को चेक कर लिया जाए, ताकि जलस्तर बढ़ने पर उन्हें खोलने में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिये कि विकसित देशों की पानी निकासी की आधुनिकतम तकनीकियों का अध्ययन किया जाए और नवीनत तकनीकियों से अपडेट रहा जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पुलों के अप-डाउन स्ट्रीम में 500 मीटर तक की दूरी तक खनन पर पैनी नजर बनाए रखें और किसी भी दशा में पुलों एवं पिलर्स को कोई नुकसान न हो।

सतपाल महाराज ने कहा कि मानसून काल को ध्यान में रखते हुए राज्य के शहरों का मास्टर ड्रैनेज प्लान तैयार किया जाये। जल निकासी के लिए लंढौरा का मास्टर ड्रेनेज प्लान अलग से तैयार किया जाये, लक्सर में हडुवा नाला पर प्राथमिकता से कार्य किया जाये, ताकि जल भराव की स्थिति न हो। झबरेड़ा क्षेत्र में सीला नाला को भी प्राथमिकता से ठीक किया जाये। उन्होंने सचिव सिंचाई को निर्देश दिये कि हरिद्वार में भगत सिंह चौक पर पानी की निकासी के लिए प्राथमिकता से बजट आवंटित किया जाये। हरिद्वार के निचले क्षेत्रों में भी जल निकासी के लिए प्रबन्धन किया जाये।

बैठक में सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण के लिए राज्य में 113 बाढ़ सुरक्षा चौकियां 15 जून तक स्थापित हो जायेंगी, जिनमें 24 घण्टे कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। बाढ़ नियंत्रण चौकियों में आस-पास के जनप्रतिनिधियों के नम्बर भी उपलब्ध रहेंगे।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल तथा आशुतोष शर्मा, आशु चौधरी ने हरिद्वार सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर जल भराव के कारण एवं उनके निवारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने जल भराव की स्थिति से निजात के लिए किये जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सत्यवान/वीरेन्द्र/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर