यूपी की छह सीटों पर हार-जीत के अंतर से ज्यादा नोटा को मिले वोट

लखनऊ, 08 जून (हि.स.)। यूपी में 18वीं लोकसभा की 80 सीटों के लिए हुए चुनाव में 06 सीटों पर इनमें से कोई नहीं (नोटा) को हार-जीत के अंतर से ज्यादा वोट मिले हैं। निर्वाचन आयोग ने सबसे पहले वर्ष 2013 में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में ईवीएम में सबसे नीचे उम्मीदवारों के बटन के बाद 'नोटा' का विकल्प दिया था, ताकि यदि किसी मतदाता को कोई भी उम्मीदवार पसंद न आए,तो वह इस विकल्प के जरिए अपना मत जाहिर कर सकता है।

उत्तर प्रदेश की धौरहरा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के आनन्द भदौरिया ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की रेखा वर्मा को 4,449 मतों से पराजित किया, जबकि 7,144 मत नोटा को मिले। इस सीट पर 12 उम्मीदवार मैदान में थे। चुनाव में कुल 11,11,847 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

प्रदेश की फर्रुखाबाद सीट पर भाजपा के मुकेश राजपूत सपा डॉ.नवल किशोर शाक्य से 2678 मतों से जीते,जबकि 4,365 मत नोटा पर पड़े। चुनाव मैदान में आठ प्रत्याशी थे। कुल 10,33,794 वोटरों ने अपने मताधिकारी का प्रयोग इस चुनाव में किया।

राज्य की हमीरपुर सीट पर भाजपा के कुंवर पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल सपा के अजेन्द्र सिंह लोधी से 2,629 मतों से हार गए। वहां 13,453 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।

यूपी की सलेमपुर सीट पर समाजवादी पार्टी के रामशंकर राजभर मात्र 3573 मतों से जीत पाए। इस सीट पर नोटा का बटन 7,549 लोगों ने दबाया। रामशंकर राजभर ने भाजपा के प्रत्याशी मौजूदा सांसद रवीन्द्र कुशवाहा को परास्त किया।

पूर्वांचल की बांसगांव सुरक्षित सीट भाजपा के प्रत्याशी मौजूदा सांसद कमलेश पासवान ने लगातार चौथी बार जीतकर रिकार्ड कायम किया। कमलेश ने कांग्रेस के सदल प्रसाद को 3150 मतों के अंतर से हराया। वहां 9,021 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। बांसगांव के चुनावी अखाड़े में 8 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत इस बार आजमाई। कुल 9,44,763 वोटरों ने अपने मत के अधिकार का प्रयोग चुनाव में किया।

किसी जमाने में नेहरू-गांधी परिवार की सीट माने जाने वाली फूलपुर संसदीय सीट पर भाजपा के प्रवीन पटेल ने 4,332 मतों के अंतर से जीत हासिल की। प्रवीन ने सपा के अमर नाथ सिंह मौर्य को परास्त किया। इस सीट पर 15 प्रत्याशी मैदान में थे। इस सीट पर 5,460 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के 15 करोड़ 41 लाख 3 हजार 670 वोटरों में से इस बार 8 करोड़ 75 लाख 78 हजार 381 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में 56.83 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। प्रदेश में कुल 634,971 (0.72 प्रतिशत) लोगों ने नोटा का बटन दबाया। गौरतलब है 2019 के चुनाव में यूपी में 726,868 (0.84 प्रतिशत) लोगों ने वोटा का बटन दबाया था।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.आशीष वशिष्ठ/राजेश

   

सम्बंधित खबर