भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा प्रदेशभर में मनाई गई वीर शहीद अब्दुल हमीद की जयंती
- Admin Admin
- Jul 01, 2024
जयपुर, 1 जुलाई (हि.स.)। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से सोमवार को प्रदेशभर में 1965 के भारत-पाक युद्ध के महानायक अमर वीर शहीद परमवीर चक्र सम्मानित अब्दुल हमीद की जयंती मनाई गई। इस दौरान अल्पसंख्यक मोर्चे की ओर से अब्दुल हमीद को खिराजे अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश की गई।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने बताया कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जयपुर शहर जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी श्रद्धांजलि पेश की गई। इस दौरान मेवाती ने कहा कि परमवीर चक्र सम्मानित अब्दुल हमीद की देशभक्ति, वीरता, जीवनी के बारे में सभी को विस्तार से जानना चाहिए। सभी कार्यकर्ताओं ने उनके लिए दुआ-ए-मगफिरत की एवं देश में अमन, चैन, खुशहाली, व अच्छी बारिश के लिए भी दुआ की गई। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एम.सादिक खान, प्रदेश कार्यालय मंत्री उस्मान चौहान, प्रदेश आईटी संयोजक इरशाद हसनपुरा, मोर्चा के जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अब्दुल अजीज, जिला महामंत्री एम. परवेज खान, माजिद खान सहित मोर्चा प्रदेश व मोर्चा जयपुर शहर के सभी पदाधिकारीगण, पार्षद प्रत्याशी, मण्डल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर