बलिया में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारम्भ

बलिया, 10 जुलाई (हि.स.)। सनबीम स्कूल के प्रांगण में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार द्वारा तुलसी वेदी पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि शिक्षा जीवन को उच्चता देती है तो खेल जीवन को अनुशासित करता है। खेल वह मध्यम है जिससे शारीरिक व मानसिक दोनों विकास होते हैं। शतरंज का महत्व समझाते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि शतरंज वह खेल है, जिससे हमारी सोचने समझने की शक्ति बढ़ती है। इससे स्मरण शक्ति तेज होती है और मस्तिष्क स्थिर रहता है। साथ ही समस्या समाधान की शक्ति विकसित होती है। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया।

इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता अंडर 15 बालक बालिका वर्ग तथा ओपन बालक बालिका वर्ग में खेल आयोजित हो रहा है। जिसमें पूरे प्रदेश से लगभग 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। प्रतियोगिता में ऑर्बिटर के रूप में लखनऊ के इंटरनेशल ऑर्बिटर हेमंत शर्मा, आनंद सिंह, आदित्य कुमार दुबे व ओंकार सिंह अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके पहले विद्यालय निदेशक तथा प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह ने सभी आर्बिटरों को पुष्पगुच्छ एवम स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

विद्यालय निदेशक डा. कुंवर अरुण सिंह ने पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा कि खेल में सफल खिलाड़ियों को मेडल ट्रॉफी के साथ ही शीर्ष पांच खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा। इस दौरान बीएसए मनीष सिंह, जिला शतरंज संगठन के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, सचिव उमेश सिंह व उत्कर्ष साहित्यिक मंच के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजेश सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के आयोजन में पंकज कुमार सिंह, आशीष गुप्ता, तरुण सक्सेना, कमल यादव, राजेश, अबू सईद, कुमारी बबीता, प्रीती गुप्ता, प्रिया, संतोष कुमार चतुर्वेदी, शहर बानो व नीतू पाण्डेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी / राजेश

   

सम्बंधित खबर