यूसीसी ड्राफ्ट सार्वजनिक करने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार, कांग्रेस को दी नसीहत

देहरादून, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने समान नागरिक संहिता(यूसीसी) के संपूर्ण ड्राफ्ट को सार्वजनिक करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और समूची टीम का प्रदेशवासियों की तरफ से आभार जताया है। वहीं कांग्रेस को ड्राफ्ट पढ़ने की नसीहत देते हुए कहा कि उसे अफवाह के बजाय अध्ययन की जरूरत है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर देवभूमिवासियों के जनादेश का धरातल पर उतरने का समय आ गया है। उन्होंने कांग्रेस को सलाह दी कि ड्राफ्ट को पढ़कर वे अपने संशय दूर कर लें अन्यथा जनता पुनः चुनावों में उनकी दुविधा दूर कर देगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अक्टूबर माह से हम सब एक समान कानून के संरक्षण में रहेंगे। उन्होंने इस ऐतिहासिक कानून की हकीकत में बदलने के लिए मुख्यमंत्री के गंभीर और साहसिक प्रयासों को लेकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि का गौरव बढ़ाने वाले इस कानून के यथार्थ में तब्दील होने के साथ भाजपा का जनता से चुनाव में किया यह वादा पूरा हो जाएगा।

भट्ट ने उम्मीद जताई कि पूरा ड्राफ्ट सामने आने के बाद इस कानून को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियां और अफवाह पर विराम लग जाएगा। जनता को वेबसाइट के माध्यम से अपने आसपास की परिस्थितियों को प्रभावित होने वाले नए कानूनी प्रावधान की जानकारी होगी, जो एक अच्छा कदम है। साथ ही उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस नेताओं को भी ड्राफ्ट का ध्यान से अध्ययन करना चाहिए और अपने मन के गैर जरूरी संशयों को हटाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कमलेश्वर शरण / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर