नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को दो माह से नहीं मिला वेतन

धमतरी, 16 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को बीते दो महीने से वेतन नहीं मिल पाया है, जिससे उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार 16 जुलाई को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों ने वेतन की मांग की।

नगर निगम कार्यालय पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने कहा कि, समय पर वेतन नहीं मिलने से काफी परेशानियों से वे जूझ रहे हैं। स्कूल खुल गए हैं। बच्चों की फीस देने, यूनिफार्म खरीदने, पाठय पुस्तक सहित सामग्रियों के क्रय करने के लिए आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार मांग करने के बाद भी समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण अन्य परेशानियां हो रही है। केवल आश्वासन ही मिल रहा है। अन्य कर्मचारियों की तरह उन्हें साप्ताहिक अवकाश भी नहीं मिल पाता है।

सफाई कर्मचारियों ने बताया कि दो-दो माह से वेतन नहीं मिला है, इसके अलावा पेंशन की राशि भी जमा नहीं हो रही है। नगर निगम आयुक्त से चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि उन्हें स्वयं वेतन नहीं मिल पाया है। फंड आते ही वेतन की राशि कर्मचारियों के खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी। मांग करने वालों में दिलीप पात्रे, चंचला बाई, जसना बाई, लक्ष्मी बाई, शैलेश नायक, शैलेश सोना, पवन वाल्मिकी, मनोज वाल्मिकी, पदमा नायक, दीनू सहारे, संदीप नायक शामिल हैं।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विनय कुमार पोयम ने कहा कि, राज्य शासन से फंड नहीं आने के कारण कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है। फंड आते ही कर्मचारियों को वेतन की राशि दे दी जाएगी। मालूम हो कि धमतरी शहर की साफ-सफाई के लिए स्थायी व प्लेसमेंट कर्मचारियों की टीम है, जो प्रतिदिन सुबह साफ-सफाई के लिए निकलती है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा / गायत्री प्रसाद धीवर

   

सम्बंधित खबर