केजीएमयू में भर्ती एसिड अटैक से घायलों की तबियत स्थिर
- Admin Admin
- Jul 03, 2024
लखनऊ, 03 जुलाई (हि.स.)। एसिड अटैक में जख्मी केजीएमयू एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र व उसकी 22 वर्षीय मौसेरी बहन की हालत खतरे से बाहर है। दोनों रोगियों का उपचार केजीएयमू प्लास्टिक सर्जरी विभाग में डॉ. रवि कुमार सिंह एवं प्रो. बृजेश मिश्रा की देख-रेख में चल रहा है।
चौक स्टेडियम के पास घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे की है। अज्ञात हमलावर ने तेजाब से केजीएमयू एमबीबीएस छात्र व उसकी मौसेरी बहन पर हमला कर दिया। छात्र की मौसेरी बहन नेशनल पीजी कॉलेज से बीबीए ग्रेजुएट है।
केजीएमयू से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा के चेहरे और दोनों बांह रसायन से झुलस गए हैं। जबकि छात्र के पीठ और दाहिनी बांह जल गई है। दोनों पीड़ितों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया। यहां प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम के निगरानी में मरीजों का इलाज चल रहा है। दोनों की तबीयत स्थिर है। हालत खतरे से बाहर है। डॉक्टर लगातार मरीजों की सेहत की निगरानी कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित