कांग्रेस पार्टी में महिलाएं उपेक्षित, सुर्खियां बटोरने के लिए प्रदर्शन एक नाटक : आशा नौटियाल

देहरादून, 04 जुलाई (हि.स.)। महिला अपराध को लेकर देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने पलटवार किया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में महिलाएं उपेक्षित हैं। यही वजह है कि कांग्रेस मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए प्रदर्शन करने का नाटक कर रही है।

आशा नौटियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल सियासी तौर पर महिलाओं की हितैषी होने का दावा कर रही हैं जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में एक भी महिला कार्यकर्ता को अपना उम्मीदवार नहीं बनाया। महिलाओं को लेकर कांग्रेस पार्टी का दोहरा चरित्र सबके सामने उजागर हो चुका है। विधानसभा चुनाव हो, निकाय चुनाव हो या फिर पंचायत चुनाव हो हर स्तर पर महिलाएं अपेक्षित हैं। महिलाओं के मुद्दों को लेकर मुखर होने का दंभ भरने वाली कांग्रेस में महिला कार्यकर्ता अपने ही घर में अपेक्षित हैं। गुटबाजी का शिकार है। कांग्रेस पार्टी में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ लगी हुई है। वर्चस्व के लिए कांग्रेस पार्टी में महिला कार्यकर्ता प्रदर्शन करने का नाटक करती हैं।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नौटियाल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार गंभीर है। महिला अपराध के मामले में सरकार गंभीरता पूर्वक कार्रवाई कर रही है। अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह चुस्त है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार महिला सुरक्षा को लेकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। महिलाओं की शिकायत के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर संचालित किया जा रहा है। थानों में महिला एसआई की तैनाती की गई है। जिला मुख्यालयों पर महिला हेल्प डेस्क बनाया गया है। महिलाएं अपनी शिकायतें ईमेल, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी कर सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर