खेलो इंडिया हॉकी सेंटर के लिए कोच की नियुक्ति

हल्द्वानी, 05 जुलाई (हि.स.)। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर गौलापार में खेलो इंडिया हॉकी सेंटर के लिए खेल विभाग ने कोच की नियुक्ति कर दी है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के मानकों के अनुसार कोच को नियुक्त करने के साथ ही खेल विभाग ने सेंटर के लिए ट्रायल की तिथि भी तय कर दी है।

गौलापार स्थित खेल परिसर में हॉकी सेंटर को 6 मार्च को मंजूरी मिल गई थी। चुनाव खत्म होने के बाद बीते 21 जून को साई की हाई परफॉरमेंस प्रशिक्षक हॉकी गायत्री कनौजिया, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष किशोर बाफिला और उप क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल की टीम ने साक्षात्कार लिया। इसमें एक पद के लिए सिर्फ दो हॉकी प्रशिक्षकों भानु प्रकाश और नीलेश गुप्ता ने आवेदन किया था। मेरिट के आधार पर भानु प्रकाश का साई के खेलो इंडिया हॉकी सेंटर के प्रशिक्षक के रूप में चयन हुआ है। हॉकी सेंटर 7 जुलाई से शुरू होने की संभावना है। इसके लिए बकायदा 6 जुलाई को ट्रायल लिया जाएगा। इसमें 16 साल से कम उम्र के 15 बालक और 15 बालिका खिलाड़ियों का चयन सेंटर के लिए होगा।

जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि साई से खेलो इंडिया हॉकी सेंटर का बजट मिल गया है। खिलाड़ियों के ट्रायल के बाद किट, ड्रेस और अन्य खेल उपकरणों को आवश्यकता के अनुसार मंगाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर