उप्र में चौबीस घंटे में आठ लोगों की जान गई

लखनऊ, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घण्टों में दो लोगों की आकाशीय बिजली से तो चार लोगों की नदी में डूबने से मौत हुई है। वहीं, दो लोगों की शर्पदंश से जान गयी है। राहत विभाग ने जनपदों जिलाधिकारियों को मृत व्यक्तियों के परिजनों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गये हैं।

उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने शुक्रवार को वर्षा की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि 24 घंटे में प्रदेश में 14.6 मिमी औसत वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा से 7.6 मिमी के सापेक्ष 192.1 प्रतिशत है। इस प्रकार प्रदेश में एक जून, 2024 से चार जुलाई तक 136.4 मिमी औसत वर्षा हुई, जो सामान्य वर्षा 125.6 मिमी के सापेक्ष 108.6 प्रतिशत है।

राहत आयुक्त ने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 09 जनपदों (बलरामपुर, बरेली, बहराइच, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, गाजीपुर, संत कबीर नगर एवं श्रावस्ती) में 30 मिमी या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

प्रदेश में कोई भी नदी खतरे के जलस्तर से ऊपर नहीं बह रही है। प्रदेश में गत 24 घण्टों में आठ जनहानियाँ हुई हैं, जिसके सापेक्ष जनपदों को मृत व्यक्तियों के परिजनों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में संभावित बाढ़ के दृष्टिगत खाद्यान्न सामग्री वितरण हेतु प्री-टेन्डरिंग के कार्य जनपदों द्वारा पूर्ण कर लिये गये हैं। वर्तमान में प्रदेश के कोई भी जनपद बाढ़ से प्रभावित नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर