स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए समयबद्ध तरीके से कार्य करें अधिकारी : सुरेश भट्ट

देहरादून, 05 जुलाई (हि.स.)। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भटृ ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कोई भी कमी नहीं आने देगी और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए अधिकारी समयबद्ध तरीके से कार्य करें।

परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड के तहत संचालित समस्त कार्यक्रमों की तकनीकी, भौतिक और वित्तीय प्रगति पर समीक्षा बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों जैसै मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय टी.बी. उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग आदि की वर्तमान स्थिति, उनकी उपलब्धियों और आने वाली चुनौतियों पर समीक्षा की गई।

सुरेश भट्ट ने कार्यक्रमों के निष्पादन के लिए अधिकारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा, राज्य के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए हमारे सभी प्रयास जारी हैं। हमें इस दिशा में और अधिक समर्पण और सहयोग की आवश्यकता है।

बैठक के दौरान विभिन्न अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें प्रमुख रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण अभियान, स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति और उनकी सुधार की योजना शामिल थी।

उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए सतत प्रयास करने की अपील की। उन्होंने मानसून के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को जल जनित रोगों की रोकथाम व नियंत्रण पर आदेशित करते हुए कहा कि राज्य में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान प्रदेशभर में चलाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए सराहा और आगे भी इसी तरह से कार्य करने की उम्मीद जताई।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर