बारिश का कहर: चमोली में कई लिंक मोटर मार्ग बंद, विद्युत आपूर्ति ठप

थराली में पिंडर नदी उफान पर, नदी किनारे बने घरों की नीव तक पहुंचा पानी।

गोपेश्वर, 06 जुलाई (हि.स.)। चमोली जिले में रुक-रुक हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जनपद में शुक्रवार की रात्रि से शनिवार सुबह तक हुई बारिश से जिले के 89 लिंक मोटर मार्ग बाधित हो गये थे, जिनमें से 53 को खोल दिया गया है, शेष 36 को खोलने की प्रक्रिया गतिमान है। जिले की सभी नदियां भी उफान पर हैं। देवाल क्षेत्र में बीते 19 घंटों से विद्युत आपूर्ति ठप चल रही है।

जिला आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार बदरीनाथ हाइवे पर लगभग छह स्थानों पर कंचन गंगा, भनेर पानी, पागल नाला, पिनोला घाट, छिनका, कमेडा में पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो गया था। जिसे शनिवार दोपहर तक सभी स्थानों पर खोल दिया गया है। थराली में पिंडर नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। थराली बाजार में नदी किनारे बने भवनों की नींव तक नदी का पानी आ गया है।

थराली क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी बाधित चल रही है। इस संदर्भ में विद्युत विभाग के एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि कालजावार के पास लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई है जिसे दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

उप जिलाधिकारी थराली अबरार अहमद ने बताया कि थराली नगर पंचायत क्षेत्र में पिंडर नदी के जलस्तर बढ़ गया है। नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है। उनसे सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

इधर देवाल क्षेत्र में भी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त चल रहा है। बारिश से देवाल क्षेत्र के अधिकांश मोटर मार्गों पर मलबा आने से क्षतिग्रस्त बनी है। देवाल-लोहाजंग मोटर मार्ग के ल्वाणी, बगडीगाड में मलबा आने से बंद है। देवाल-घेस किलोमीटर 22 मे भूस्खलन से बंद पड़ी है। देवाल-खेता मोटर मार्ग सुयालकोट में लगातार आ रहा मलबा से क्षतिग्रस्त है। साथ ही क्षेत्र में पिछले 16 घंटों से विद्युत आपूर्ति बाधित चल रही है।

लोनिवि के सहायक अभियंता विरेन्द्र बसेडा ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने के लिए दो जेसीबी मशीन काम कर रहे हैं। बंद सड़कों को खोलने में लगे हैं। अत्यधिक बारिश के कारण मोटर सड़कों को खोलने में परेशानी हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/सत्यवान/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर