श्रावस्ती में बाढ़ के संकट के बीच जलशक्ति मंत्री का दौरा, राप्ती बैराज का ​किया निरीक्षण

लखनऊ, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में राप्ती नदी के उफान पर आने के बाद गहराये संकट के बीच जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह दौरे पर निकले। स्वतंत्रदेव सिंह ने श्रावस्ती जनपद में राप्ती बैराज का निरीक्षण किया। बाढ़ के संकट के बीच मंत्री ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनके लिए हर सम्भव सहायता करने की बात की।

श्रावस्ती जनपद के भिनगा में राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। दूसरे स्थानों पर भी बाढ़ का संकट है। जलशक्ति मंत्री के श्रावस्ती पहुंचने पर वहां सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने कटान पर किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी।​ कटान निरोधक कार्य की परियोजना पर स्वतंत्रदेव सिंह ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उससे जुड़े लोगों को माला पहनाकर सम्मानित किया। लोगों से जलशक्ति मंत्री ने विभाग के अच्छे प्रदर्शन की जानकारी दी।

बाढ़ क्षेत्र में पहुंचने के बाद जलशक्ति मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। राप्ती नदी में छोड़े गये पानी की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने मौके पर हालात की जानकारी को साझा किया। अधिकारियों से स्वतंत्रदेव सिंह ने हर स्थिति पर नजर बनाये रखने और कटान को रोकने के प्रयास पर जोर देने के निर्देश दिये। इस दौरान जलशक्ति मंत्री ने मौके पर एक पौधा भी लगाया।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद चंद्र बाजपेयी / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर