राजगढ़ ,17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर बुधवार तड़के एक कार सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए,जबकि एक अन्य यात्री सुरक्षित बच गया।
पुलिस के अनुसार ब्यावरा-पचोर रोड पर स्थित एक क्रेशर मशीन के सामने दिल्ली नंबर की कार (डीएल-12-सीएस-5311) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में सवार तीन लोग उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से उज्जैन जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। हादसे में कार चालक कपिल जाट निवासी बिरौनी, जिला बुलंदशहर के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं संजीव कुमार जाट निवासी शिकारपुर डदुवा, जिला बुलंदशहर के हाथ, सिर और उंगली में चोटें आईं। कार में सवार अजय जाट निवासी डदुवा, बुलंदशहर सुरक्षित रहे और उन्हें कोई चोट नहीं आई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही करनवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 की सहायता से उन्हें शासकीय अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक कपिल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------

