राजगढ़ः 84 कोसी परिक्रमा के दौरान बुजुर्ग महिला के पैर में लगी गोली, ब्यावरा अस्पताल में हुआ आपरेशन
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
राजगढ़, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर स्थित निजी अस्पताल में 70 वर्षीय महिला का आपरेशन किया गया,जिसके 84 कोसी परिक्रमा के दौरान पैर में गोली लगी थी। महिला को रविवार को स्वस्थ होने पर अस्पताल से डिसचार्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार बीनागंज थाना क्षेत्र के खातोली गांव की 70 वर्षीय भूरी बाई पत्नी मिश्रीलाल लोधा 84 कोसी परिक्रमा के लिए उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन क्षेत्र गई थीं। परिक्रमा के दौरान मथुरा के निकट माहोली गांव में हुए दो पक्षों के विवाद के बीच चली फायरिंग में उनके पैर में गोली लग गई। हैरानी की बात यह रही कि घायल होने के बावजूद उन्होंने अपनी धार्मिक यात्रा जारी रखी और करीब 15 दिन बाद परिक्रमा पूरी कर गांव लौटीं। परिजनों के अनुसार 27 मई को गांव व आसपास के क्षेत्र के करीब 20 श्रद्धालुओं का जत्था रुठियाई से ट्रेन द्वारा 84 कोसी परिक्रमा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान माहोली गांव में चल रहे भंडारे के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद दोनों ओर से कथित रूप से बंदूक और पिस्टल से फायरिंग होने लगी। इसी दौरान परिक्रमा कर रहे श्रद्धालु वहां से गुजर रहे थे और एक गोली भूरी बाई के पैर में जा लगी।
परिजनों के अनुसार घायल होने के बाद उनका प्राथमिक उपचार कराया गया, लेकिन दर्द के बावजूद उन्होंने परिक्रमा जारी रखी। 8 जून को गांव लौटने के बाद भी पैर में लगातार दर्द बना रहा। दर्द असहनीय होने पर 11 जून को उन्हें ब्यावरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक्सरे जांच में पैर के भीतर गोली फंसी होने का पता चला, जिसके बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। सूचना मिलने पर सिटी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला की एमएलसी कराई। प्रारंभिक जांच के बाद प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए मथुरा पुलिस के पास भेजा गया है।
---------------

