अमृतसर| डीएवी कॉलेज के इंस्टीट्यूशनल इनोवेशन काउंसिल और आईपीआर द्वारा विश्व बौद्धिक संपदा दिवस के अवसर पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और संकाय सदस्यों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के महत्व, उनके प्रकार तथा नवाचार और रचनात्मकता की सुरक्षा में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. सन्नी ठुकराल ने आईपीआर के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने पेटेंट, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क और औद्योगिक डिजाइन जैसे विषयों को सरल उदाहरणों के साथ समझाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रिंसिपल डॉ. अमरदीप गुप्ता ने नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देने में आईपीआर की भूमिका पर जोर दिया। इस मौके पर डॉ. मनप्रीत कौर, डॉ. गगनदीप रायजादा, डॉ. प्रीति कामरा, डॉ. साक्षी और डॉ. बलराम सिंह यादव उपस्थित रहे।

