काम से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत:बरनाला में कान ने बाइक को मारी टक्कर, आरोपी ड्राइवर मौके से फरार
- Neha Gupta
- Jul 08, 2026
बरनाला जिले के तपा क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक सहिजप्रीत सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गांव ढिल्लवां की लालू पत्ती निवासी गुरबचन सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा सहिजप्रीत सिंह (22) अपने चचेरे भाई सुखजिंदर सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर किसी काम से तपा शहर गया था। कार ने बाइक को मारी टक्कर काम खत्म करने के बाद जब दोनों ढिल्लवां रोड स्थित ड्रेन पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वैगन-आर कार ने लापरवाही और तेज गति से मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सहिजप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर एकत्र हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, लोगों ने कार चालक से उसका नाम और पता पूछा, जिस पर उसने अपना नाम मनीष कुमार पुत्र प्रेम कुमार, निवासी सुभाष कॉलोनी, तपा बताया। लोगों ने देखा कि घायल युवक सहिजप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आरोपी मौके से फरार घटना के बाद कार चालक मनीष कुमार वाहन सहित मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। तपा पुलिस ने मृतक के पिता गुरबचन सिंह के बयान के आधार पर आरोपी मनीष कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

