बठिंडा अस्पताल में निहंग ने कंप्यूटर ऑपरेटर पर हमला किया:10 रुपए की पर्ची काटे पर भड़का, कृपाण से हाथ काटे; डॉक्टरों की हड़ताल
- Admin Admin
- Jul 04, 2025

बठिंडा में आज अस्पताल के अंदर में एक निहंग ने कंप्यूटर ऑपरेटर पर कृपाण से हमला कर दिया। घटना में कंप्यूटर ऑपरेटर गुरसेवक सिंह के हाथ में चोट आई है। घटना तलवंडी साबो स्थित सिविल अस्पताल की है। घटना उस समय हुई जब एक निहंग दवा लेने अस्पताल आया था। उसने पहले एक डॉक्टर से दवा ली। फिर दूसरे डॉक्टर से दवा लेने के लिए नई पर्ची बनवाने गया। कंप्यूटर ऑपरेटर ने जब उससे 10 रुपए की पर्ची के पैसे मांगे तो वह भड़क गया। उसने गाली-गलौज की और कृपाण से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना के विरोध में अस्पताल के डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाएं बंद कर दीं। डॉक्टर जगरूप सिंह और डॉ रविकांत सीनियर मेडिकल अफसर ने सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं है। तलवंडी साबो के डीएसपी राजेश स्नेही ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। उसकी तलाश जारी है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।