फाजिल्का में गहराया पेयजल संकट:ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी, पानी के कैंटर मंगवाने को मजबूर
- Neha Gupta
- Jun 01, 2026
फाजिल्का जिले के गांव साबूआना में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव के लोगों ने आरोप लगाया है कि वाटर वर्क्स की सप्लाई लंबे समय से बाधित है, जिसके कारण ग्रामीणों और आसपास की ढाणियों में रहने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें गांव के पास लगे सार्वजनिक नल से पानी भरकर अपने घरों तक ले जाना पड़ रहा है। ग्रामीण रमेश कुमार ने बताया कि गांव के वाटर वर्क्स में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी पीने का पानी उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों का दावा है कि जिस पानी का उपयोग वे कर रहे हैं, उसका टीडीएस स्तर 500 से अधिक है, जो स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है। महिलाएं बोलीं- परिवारों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा गांव की महिलाओं ने बताया कि ढाणियों में रहने वाले परिवारों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। कई परिवार रोजाना पानी के कैंटर मंगवाने को मजबूर हैं, जिस पर करीब 20 हजार रुपये प्रतिदिन तक खर्च हो रहा है। इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के मौसम में भी प्रशासन और सरकार लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय विधायक और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक नेताओं का बहिष्कार करेंगे और किसी भी उम्मीदवार को वोट नहीं देंगे।

