फिल्लौर में प्रापर्टी डीलर पर गोली चलाने वाला अरेस्ट:जालंधर रूरल पुलिस ने पासला गांव से पकड़ा, कोर्ट में पेश कर लिया जाएगा रिमांड
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
जालंधर रूरल पुलिस टीम ने फिल्लौर की अटवाल कॉलोनी में 18 अक्टूबर 2025 को प्रॉपर्टी डीलर मनदीप सिंह उर्फ गोरा और उसके साथी संजीव शर्मा पर हुई फायरिंग के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 18 अक्टूबर, 2025 को संजीव निवासी औड़ (नवांशहर) ने बयान दर्ज कराया था कि शाम लगभग साढ़े 4 बजे वह अपने कारोबारी साझेदार मनदीप सिंह गोरा के साथ अटवाल कॉलोनी, फिल्लौर स्थित अपने दफ्तर के बाहर पार्क में मौजूद था। इसी दौरान PB37-K-3777 नंबर थार गाड़ी रुकी। इसमें से 2 व्यक्ति उतरे। उनमें से एक राहुल लक्कड़ मंडी फिल्लौर का था। उसने मनदीप सिंह को बातचीत के बहाने बुलाया। कुछ ही देर बाद उसने विवाद शुरू कर दिया और पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकियां दीं। जब संजीव शर्मा और मनदीप सिंह ने उसे रोकने का प्रयास किया तो राहुल उर्फ़ रितीश ने जान से मारने की नीयत से दो फायर किए, जिनमें से एक गोली संजीव शर्मा के घुटने के ऊपर लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए। नूरमहल के गांव पासला में की गई गिरफ्तारी जांच के दौरान यह सामने आया कि दूसरा फायर करने वाला आरोपी अमनदीप सिंह जालंधर जिले का है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली को सौंपी गई। खुफिया सूचना और तकनीकी सर्विलांस के जरिएआरोपी की तलाश की गई। 3 जुलाई 2026 को इंस्पेक्टर पुष्प बाली को सूचना मिली कि आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ रमन नूरमहल क्षेत्र में देखा गया है। सूचना के आधार पर एएसआई परविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव पासला में छापेमारी कर आरोपी को काबू कर लिया। रिमांड पर लेकर की जाएगी इनके लिंक के बारे पूछताछ एसएसपी विर्क ने बताया कि वारदात के बाद अमनदीप सिंह अपने साथी राहुल के साथ गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार छिपता फिर रहा था। उसे उसके ननिहाल गांव पासला से गिरफ्तार किया गया है तथा अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उसके फरार साथी राहुल, वारदात में प्रयोग हथियार के सोर्स, फरार होने में इस्तेमाल किए गए वाहन तथा फरारी के दौरान वह किन-किन स्थानों पर और किन व्यक्तियों के पास ठहरा रहा, इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस रिमांड के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त आरोपी द्वारा गैर-कानूनी गतिविधियों से अर्जित चल एवं अचल संपत्ति को कानून के अनुसार अटैच करने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

