जालंधर| आदमपुर के गांव डरोली कलां में सोमवार दोपहर को पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के साथी दविंदर सिंह बाजा की 12 गोलियां मार कर हत्या करने वाले एएसआई के बेटे हरमनप्रीत सिंह की तलाश में रेड की गई, लेकिन न तो वह मिला न ही उसके दोनों दोस्त आकाश व वरुण। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी मनप्रीत सिंह को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने यह कह कर रिमांड मांगा कि मनप्रीत से कत्ल की साजिश से लेकर हर एंगल पर पूछताछ करनी है। मनप्रीत के घर में ही कत्ल हुआ था। मनप्रीत जानता है कि उसके साथी कहां पर छुपे हो सकते है। उधर,डीएसपी राजीव कुमार का कहना है कि तीन विशेष टीमें हरमन,वरुण और आकाश की तलाश में रेड कर रही है। जल्द तीनों आरोपी पकड़े जाएगे। हरमन के पकड़ में आने के बाद कत्ल की पूरी साजिश क्लियर हो जाएगी।

