कपूरथला में हेरोइन समेत तस्कर गिरफ्तार:जेब से लिफाफा फेंककर भागा, पुलिस ने पकड़ा; पहले भी दर्ज हैं NDPS के 3 मामले
- Neha Gupta
- Jun 05, 2026
कपूरथला सिटी पुलिस ने शुक्रवार को एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सिटी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप नाहर ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सब-इंस्पेक्टर परमिंदरजीत सिंह अपनी टीम के साथ मार्कफेड चौक के पास गश्त पर थे। इसी दौरान बकरखान चौक से फत्तूढींगा चुंगी की ओर से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। लिफाफा सड़क किनारे फेंका युवक ने अपनी पैजामे की जेब से एक पारदर्शी लिफाफा सड़क किनारे फेंक दिया और पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान वरिंदर सिंह पुत्र परमजीत सिंह निवासी गांव बहुई के रूप में बताई। नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ आरोपी द्वारा फेंके गए लिफाफे की तलाशी लेने पर उसमें से 10 ग्राम हेरोइन मिली। एसएचओ अमनदीप नाहर ने यह भी बताया कि वरिंदर सिंह के खिलाफ पिछले सात-आठ महीनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन अन्य मामले भी दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से हेरोइन की सप्लाई चेन और उसके नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

