लुधियाना में इंस्टाग्राम पर दगाबाजी:शादी का दिया झांसा,शारीरिक संबंध बनाकर मुकरा, अश्लील फोटो वायरल करने की दी धमकी
- Neha Gupta
- Jul 05, 2026
लुधियाना में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के बाद विवाह से इनकार करने और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने के आरोप में थाना सदर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सदर की पुलिस ने पीड़िता मनप्रीत कौर (काल्पनिक) निवासी गिल रोड की शिकायत पर गुरदीप सिंह निवासी गांव चक्क भाईका, रायकोट, जिला लुधियाना के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पति के साथ कोर्ट में चल रहा केस शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका अपने पति के साथ अदालत में केस चल रहा है और वह फिलहाल अपने माता-पिता के घर रह रही है। इसी दौरान उसकी आरोपी गुरदीप सिंह के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। इंस्टाग्राम पर ही वह दगाबाजी का शिकार हुई। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर उसे विभिन्न स्थानों पर ले जाकर अलग-अलग समय पर शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में आरोपी अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से इनकार कर दिया। शादी का दबाव बनाया तो अश्लील तस्वीरें वायरल करने की दी धमकी महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी। शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

