अधूरे विकास कार्यों से घरों में घुसा बारिश का पानी:मानसा नगर परिषद के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, जल्द काम पूरा करने की मांग
- Neha Gupta
- Jul 05, 2026
मानसा जिले के बुढलाडा के वार्ड नंबर 10 में पिछले लंबे समय से लटके अधूरे विकास कार्यों को लेकर रविवार, 5 जुलाई को स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। खुदी पड़ी गलियों और शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद घरों में घुसे पानी से परेशान होकर बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने पंजाब सरकार और नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी सुध न ली गई, तो वे इस संघर्ष को और उग्र करेंगे। अधिकारियों ने उनकी समस्यायों का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बावजूद वार्डवासियों का कहना है कि वे अब केवल बातों में आने वाले नहीं हैं। यदि जमीनी स्तर पर काम तेजी से पूरा नहीं हुआ, तो नगर परिषद दफ्तर का स्थायी घेराव किया जाएगा। चुनावों के बाद बदहाल हुआ पूरा इलाका प्रदर्शन में शामिल वार्डवासियों—लक्की गर्ग, मोनू, बॉबी, गोल्डी, नबी, सीतू, बोधी, वंदना, उर्मिला, रीतू, सीमा, पूजा, प्रेमलता और कृष्णा सहित कई अन्यों ने प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि चुनावों से ठीक पहले वोट बटोरने के चक्कर में सड़कों, गलियों और नालियों को अंडरग्राउंड (भूमिगत) करने के नाम पर पूरे वार्ड को खोद दिया गया था। लेकिन चुनाव खत्म होते ही ठेकेदार और प्रशासन ने काम बीच में ही रोक दिया, जिसके कारण पूरा इलाका पिछले कई महीनों से बदहाली के आंसू रो रहा है। शनिवार की बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, घरों में घुसा पानी निवासियों का कहना है कि शनिवार को इलाके में हुई तेज बारिश ने उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया। पहले से खुदी हुई गलियों और बंद पड़ी नालियों के कारण बारिश का सारा गंदा पानी लोगों के घरों के भीतर घुस गया, जिससे घरेलू सामान का भारी नुकसान हुआ है। पूरी गली कीचड़ और दलदल में तब्दील हो चुकी है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों का पैदल चलना या घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। नगर परिषद और ईओ पर अनदेखी के आरोप प्रदर्शनकारियों ने रोष जताते हुए कहा कि वे इस नारकीय जीवन से मुक्ति पाने के लिए कई बार नगर परिषद और कार्यकारी अधिकारी (ईओ) के चक्कर काट चुके हैं और लिखित शिकायतें दे चुके हैं। परंतु, हर बार उन्हें सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिले। प्रशासन के इसी अड़ियल रवैये और लापरवाही के कारण आज उन्हें मजबूरन सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन का रास्ता चुनना पड़ा है। काम दोबारा शुरू, जल्द दूर होगी समस्या: ईओ सिकंदर सिंह जब इस पूरे विवाद और जनता के प्रदर्शन को लेकर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) सिकंदर सिंह से बात की गई, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कुछ तकनीकी अड़चनों और प्रशासनिक कारणों की वजह से वार्ड नंबर 10 के विकास कार्यों में थोड़ी देरी हुई थी। यह सच है कि शनिवार को हुई बारिश की वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। हालांकि, अब उन सभी तकनीकी खामियों को दूर कर विकास कार्य दोबारा शुरू करवा दिए गए हैं। मैं वार्डवासियों को भरोसा दिलाता हूँ कि शेष बचा हुआ काम युद्ध स्तर पर जल्द से जल्द पूरा कर उनकी समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।

