किसान यूनियन मोगा में बैंक के खिलाफ देगी धरना:सरकार ने कर्ज सीमा बढ़ाई, लेकिन को-ऑपरेटिव बैंक नए रेट पर लोन नहीं दे रहा

मोगा में भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी ने को-ऑपरेटिव बैंक मोगा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। यह प्रदर्शन 12 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैंक के सामने किया जाएगा। किसान बैंक द्वारा बढ़े हुए कृषि ऋण की सीमा लागू न करने का विरोध कर रहे हैं। यूनियन की जिला मोगा इकाई की एक अहम बैठक जिला प्रधान जगमोहन सिंह कंग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें किसानों के हद कर्जों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान किसान नेताओं ने बताया कि पंजाब सरकार ने किसानों के लिए हद कर्जों की सीमा बढ़ाई है। धान के लिए यह कर्ज 25 हजार रुपए से बढ़ाकर 39 हजार रुपए और गेहूं के लिए 24 हजार रुपए से बढ़ाकर 30 हजार रुपए कर दिया गया है। कई किसानों ने शिकायत की कि कोऑपरेटिव सोसायटियां तो सरकार के इस नए फैसले के अनुसार बढ़ी हुई लिमिट पर कर्ज देने को तैयार हैं, लेकिन को-ऑपरेटिव बैंक मोगा इसे लागू करने से इनकार कर रहा है। जिला प्रधान ने दी चेतावनी जिला प्रधान जगमोहन सिंह कंग ने चेतावनी दी कि यदि बैंक अधिकारियों ने सरकार के फैसले को लागू नहीं किया तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। यूनियन ने इस मुद्दे पर बैंक अधिकारियों से प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से मुलाकात करने का भी निर्णय लिया है। जिला सचिव हरप्रीत सिंह राणा ने सभी इकाइयों और किसानों से बड़ी संख्या में धरने में शामिल होने की अपील की। नेताओं ने यह भी चेतावनी दी कि यदि बैंक किसानों के साथ यह अड़ंगा जारी रखते हैं, तो किसान अपनी बाकी किस्तें भी रोकने को मजबूर होंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि को-ऑपरेटिव बैंकों को तुरंत निर्देश जारी कर बढ़े हुए हद कर्जों को लागू करवाया जाए।

   

सम्बंधित खबर