पठानकोट में साथियों को हिरासत में लेने पर भड़के कर्मी:सेवाकेंद्र कर्मी कई दिनों से हड़ताल पर, संगरूर रैली में जाते हुए तीन को किया डिटेन
- Neha Gupta
- Jun 06, 2026
पठानकोट में सेवा केंद्र कर्मचारियों की हड़ताल पिछले 10 दिनों से जारी है। 6 जून को संगरूर में एक रैली में शामिल होने जा रहे तीन कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिससे कर्मचारियों में रोष फैल गया। इसको लेकर कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने की बात कही है। किसान यूनियन भी कर्मचारियों के समर्थन आ गई है। उनका कहना है कि कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा किया जाए। सेवा केंद्र कर्मचारी कमलजीत ने बताया कि कर्मचारी 26 मई से अपनी लंबित मांगों को लेकर लगातार हड़ताल पर हैं। उन्होंने जानकारी दी कि शुक्रवार को संगरूर में कर्मचारियों की एक रैली आयोजित की गई थी। इसमें जाने के लिए कर्मचारियों ने तैयारी की। कर्मचारियों को तुरंत रिहा करने की मांग कमलजीत के अनुसार, रैली में शामिल होने जा रहे उनके तीन साथी सुमित कुमार, आशुतोष और अमित को सुबह पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कर्मचारियों की मांग है कि विभाग द्वारा नौकरी से निकाले गए आठ कर्मचारियों को तुरंत बहाल किया जाए और हिरासत में लिए गए तीनों कर्मचारियों को बिना शर्त रिहा किया जाए। किसान नेताओं ने दी चेतावनी, कर्मचारियों पर दबाव न बनाए सरकार इस बीच, हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य बलवंत, विक्रमजीत और केवल कालिया पहुंचे। उन्होंने सरकार की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि पुलिस ने सेवा केंद्र कर्मचारियों की संगरूर रैली के कारण उनके साथियों को हिरासत में लिया है। किसान नेताओं ने सरकार से अपील की कि वह कर्मचारियों पर दबाव बनाने या उन पर अत्याचार करने के बजाय जायज मांगों को स्वीकार करे। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले कर्मचारियों को स्थायी करने व उनकी मांगों को पूरा करने का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया जाना चाहिए। संयुक्त किसान मोर्चा ने स्पष्ट किया कि वे सेवा केंद्र कर्मचारियों के संघर्ष में उनके साथ खड़े हैं और उनकी मांगों का समर्थन करते हैं।

