भ्रष्टाचार और माफ़ियाराज के जाल में जकड़ी सरकार : जयराम ठाकुर

शिमला, 27 मार्च (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर माफ़ियाराज और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ 'हल्ला बोल' प्रदर्शन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार के जाल में फंसी हुई है, जहां माफ़ियाओं को सरकार का पूरा संरक्षण प्राप्त है।

जयराम ठाकुर ने कहा, “यह सरकार भ्रष्टाचार और माफ़ियाराज को बढ़ावा दे रही है और पहले कभी प्रदेश में ऐसा नहीं हुआ। प्रदेश में वन माफिया लाखों पेड़ों की कटाई कर रहा है, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय इन्हें संरक्षण दे रही है। सरकार में 'मित्रों का राज' चल रहा है, जिससे प्रदेश के हितों को नुकसान हो रहा है।”

उन्होंने धर्मपुर मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां वन विभाग की मिलीभगत से हजारों टन लकड़ी काटी और बेची गई लेकिन भाजपा की शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही उन्होंने कहा कि बद्दी में अवैध खनन के लिए पहाड़ काटे गए और वन विभाग ने आंखें मूंद लीं।

नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय तक भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं और खनन से जुड़े एक व्यक्ति को ईडी द्वारा अरेस्ट करने के बावजूद वह मुख्यमंत्री की गाड़ी में बैठकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचता है। इस पर मुख्यमंत्री की चुप्पी सवाल उठाती है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि खनन माफिया प्रदेश के कोने-कोने में सक्रिय है जबकि नशा माफिया को भी सरकार का संरक्षण मिल रहा है। इस साल 14 युवाओं की चिट्टे से मौत हुई है और हत्या, रेप, और चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। ट्रांसफर माफिया और आउटसोर्स भर्ती में भी भ्रष्टाचार जोरों पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफियाराज और भ्रष्टाचार के खिलाफ यह लड़ाई जारी रहेगी और सरकार के हर एक भ्रष्टाचार का हिसाब लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

   

सम्बंधित खबर