झज्जर-गुरग्राम मार्ग पर मिले दो शव, हत्या करके फेंकने की आशंका

झज्जर गुरुग्राम मार्ग पर मिले शवाें की जांच करती पुलिस


चंडीगढ़, 06 जुलाई । हरियाणा के झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर सोमवार की अल सुबह दो व्यक्तियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों के अर्धनग्न शवों पर चोट के कई निशान मिलने से पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शवों को यहां फेंका गया है।

झज्जर पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सूचना मिली कि सड़क किनारे दो शव पड़े हैं। शवों को झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर स्थित सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास फेंका गया था। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, सीआईए, स्पेशल स्टाफ और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई कि दोनों की हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंके गए हैं। मौके पर गाड़ी के टायरों के निशान मिले हैं।

शवों के पास में एक पाइप, ड्रम और लोहे का पाना (रिंच)भी मिला। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल ) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि शव यहां कैसे पहुंचे और वारदात में कौन लोग शामिल हो सकते हैं, इसका पता लगाया जा सके।

झज्जर सदर थाना प्रभारी परमजीत के अनुसार, फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, दोनों दूसरे राज्य के लग रहे हैं। आसपास के जिलों से गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर