केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान के पुत्र कार्तिकेय आज बंधेंगे शादी के बंधन में

-जोधपुर पहुंचे कई मंत्री, राजनेता व उद्यमी, उम्मेद भवन पैलेस में शाम 7 से 9 बजे तक होंगे फेरे

जोधपुर, 6 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय और उद्यमी अनुपम बंसल की पुत्री अमानत गुरुवार शाम शादी के बंधन में बंधेंगे। गोधूलि वेला में शाम सात से नौ बजे के बीच उम्मेद भवन पैलेस में फेरे होंगे। इससे पहले आज दिनभर जोधपुर में मंत्रियों, राजनेताओं व उद्यमी व अन्य हस्तियों के आने का सिलसिला जारी रहा।

कार्यक्रम के अनुसार कार्तिकेय की बारात आज शाम उम्मेद भवन पैलेस के लांसर लॉन से रवाना होगी। इसके बाद सभी कार्यक्रम बद्री लॉन में होंगे। यहां शाम छह बजे वरमाला और इसके बाद फेरों की रस्म होगी। एमपी से पंडित विवाह करवाने के लिए पहुंचे हैं। इसके बाद डिनर कार्यक्रम होगा। इसमें राजनीतिक व उद्योग जगत की कई हस्तियां शामिल होंगी। शादी में शामिल होने देश के कई दिग्गज राजनेता, उद्योगपति भी जोधपुर पहुंच रहे हैं। मेहमानों के लिए होटल आईटीसी वेलकम, होटल रेडिसन और अजीत भवन में ठहरने का इंतजाम किया हैं।

शादी समारोह में पहुंचे यह वीआईपी

इस हाई प्रोफाइल शादी में शामिल होने के लिए गुरुवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़, केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, ऊर्जा विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित कई अन्य नेता यहां पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और दोनों उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी व डॉ. प्रेमचंद बैरवा का भी शाम को आने का कार्यक्रम है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

   

सम्बंधित खबर