उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भारतीय पावर लिफ्टिंग टीम के मैनेजर नियुक्त
- Admin Admin
- Apr 11, 2025

शिमला, 11 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के विधायक एवं उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने का अवसर मिला है। उन्हें पावर लिफ्टिंग इंडिया द्वारा मई 2025 में नार्वे के ड्रमेन शहर में आयोजित होने वाली वर्ल्ड क्लासिक और इक्विप्ट बैंच प्रेस चैंपियनशिप के लिए भारतीय पावर लिफ्टिंग टीम का प्रबंधक नियुक्त किया गया है।
यह जानकारी उन्होंने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट के दौरान दी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 17 से 24 मई, 2025 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें भारत की 80 सदस्यीय टीम हिस्सा लेगी। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के 82 देश भाग लेंगे।
केवल सिंह पठानिया, जो हिमाचल प्रदेश पावर लिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष भी हैं, इससे पहले अमेरिका, जर्मनी, कनाडा, यूके, दुबई और हांगकांग जैसे देशों में भी भारतीय टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर अनुभव साझा कर चुके हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया कि नार्वे प्रवास के दौरान वह हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प और जैविक खेती से जुड़ी जानकारी वहां के लोगों से साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पठानिया को इस सम्मान के लिए बधाई दी और कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश का प्रतिनिधित्व वैश्विक मंच पर किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा