राहुल गांधी के लिए जिस तरह की भाषा बोली जा रही है, वो सही नहीं : गहलाेत

जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राजस्थान में अभी और जिले बनाने की गुंजाइश है। इतने बड़े प्रदेश में राजधानी से लेकर जिला हेड क्वार्टर तक जाने में लोगों को दिक्कत नहीं हो, इसलिए हमने छोटे जिले बनाने का प्रयोग किया था। कांग्रेस राज में बनाए गए जिलों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए हैं।

गहलोत ने कहा कि आप हरियाणा में जाएंगे तो वहां हर 40 किलोमीटर पर नया जिला मिलेगा। यह खुद की पॉलिसी होनी चाहिए कि किस तरह आप जिलों को मैनेज करते हो। छोटा जिला हो, बड़ा जिला हो, इसका क्या फर्क पड़ा है। उसको एग्जामिन करना चाहिए कि असर क्या हुआ। उसका अध्ययन करना चाहिए। छोटे जिले बनाने का प्रयोग हमने किया, उसको हमने प्रयोग के रूप में किया था। प्रयोग सफल होता है तो कायम रखें और बढ़ाएं। प्रदेश में इतने बड़े रेगिस्तान के इलाके हैं। दूर-दूर तक बसे गांव हैं। ज्यादा जिले बनाएंगे, उतनी ही जनता को राहत मिलेगी। राजस्थान में और जिले बनाने की गुंजाइश मानता हूं। प्रशासनिक इकाइयां ऐसी हों ताकि लोगों को दूर नहीं जाना पड़े। उन तक पहुंचने में तकलीफ नहीं हो। लोगों को राजधानी, संभाग हेड क्वार्टर, जिला हेड क्वार्टर जाने में तकलीफ नहीं होनी चाहिए। ज्यादा प्रशासनिक इकाइयां और जिले बनाने से पब्लिक को ज्यादा फायदा है। अब सरकार की सोच क्या है, वह तो वो जाने।

गहलाेत ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस चुनाव जीत रही। कांग्रेस की वहां एक तरफा जीत हो रही है। वहां अच्छा माहौल है। सब एकजुट होकर काम में लगे हुए हैं। महाराष्ट्र चुनाव पर कहा कि वह टाइम आएगा तो बताएंगे, महाराष्ट्र में चुनाव घोषणा होना बाकी है। गहलोत ने कहा कि केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से इस तरह की उम्मीद नहीं थी। जो कांग्रेस परिवार का आदमी रहा हो, सरदार बेअंत सिंह जिन्होंने आतंकवाद से लड़ते हुए अपनी जान दे दी। जो देश के लिए शहीद हो गए। उनका पोता इस तरह की बात बोलेगा। यह समझ से परे है। उनके इस बयान की निंदा करते हैं। इस तरह बोलने का अधिकारी किसी को नहीं है। राहुल गांधी के लिए जिस तरह की भाषा बोली जा रही है, वो सही नहीं है। कोई आतंकी कह रहा है, कोई कह रहा जीभ काट लेंगे। मैं यह पहली बार सुन रहा हूं, कोई इस तरह की भाषा बोल रहे हैं। भाजपा, आरएसएस इस पर कोई बयान नहीं दे रही है। पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा से लेकर किसी बीजेपी नेता ने इसे गलत नहीं बताया। यह भी नहीं कहा कि सहमत नहीं है। पहली बार इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है। गहलोत ने कहा कि महात्मा गांधी की हत्या से पहले भी हिंसा का माहौल बनाया गया था। आज भी इसी तरह का माहौल बनाया जा रहा है। अभी भी हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है। इसे किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता। सरकार में बैठे लोगों को इसका जवाब देना चाहिए।

श्री तिरुपति मंदिर के प्रसाद को लेकर चल रहा विवाद बेहद गंभीर

गहलाेत ने साेशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आंध्र प्रदेश में श्री तिरुपति मंदिर के प्रसाद को लेकर चल रहा विवाद बेहद गंभीर है। यह भारत देश के करोड़ों भक्तों की श्रद्धा एवं आस्था से जुड़ा हुआ विषय है। केन्द्र सरकार को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति बनाकर इस मामले की सच्चाई उजागर करनी चाहिए। साथ ही, किसी भी धार्मिक स्थल पर वहां की परम्पराओं के अनुरूप ही कार्य हो, इसके लिए मानक प्रक्रियाएं भी निर्धारित की जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर