शोपियां में मुठभेड़ में लश्कर कमांडर मारा गया

शोपियां में मुठभेड़ में लश्कर कमांडर मारा गया
श्रीनगर
कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों के आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन में लश्कर का एक स्वयंभू कमांडर मारा गया। सुरक्षा बलों ने 3 जुलाई को दक्षिण कश्मीर जिले के मीमंदर इलाके जिसमें सात गांव आते हैं के एक घने बाग में तलाशी अभियान शुरू किया था। पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा आप भाग तो सकते हैं लेकिन छिप नहीं सकते पुलिस ने बाकी एजेंसियों के साथ मिलकर एक जॉइंट ऑपरेशन में लश्कर के एक आतंकवादी को मार गिराया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मारे गए आतंकवादी की पहचान जाकिर अहमद गनी के तौर पर की जो प्रतिबंधित संगठन का स्वयंभू कमांडर था। अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी कुलगाम जिले के मोटलहामा इलाके का रहने वाला गनी 26 27 सितंबर 2023 को शटरिंग का काम करने के लिए डायलगम गया था। लेकिन घर नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि परिवार वालों की तलाशी के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर 3 अक्टूबर 2023 को कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद गनी द रेजिस्टेंस फ्रंट आतंकवादी संगठन में शामिल हो गया जो इसी ग्रुप का ही एक हिस्सा है। उन्होंने बताया कि कुलगाम पुलिस स्टेशन में गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर में उसे आरोपी बनाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने सबसे पहले 3 जुलाई को मीमंदर इलाके के एक घने बाग में सर्विलांस कैमरों के जरिए दो आतंकवादियों को देखा था। उन्होंने बताया कि पुलिस, सेना की एक संयुक्त टीम ने पिछले पांच दिनों से इलाके की घेराबंदी कर रखी थी और दोनों पक्षों के बीच बीच.बीच में गोलीबारी भी हो रही थी। सेना की आतंकवाद विरोधी विशेष यूनिट विक्टर फोर्स ने इलाके में रोशनी करने के साथ साथ घने बाग के बीच से भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद करने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं। उन्होंने बताया कि गर्मियों के महीनों में घनी हरियाली एक प्राकृतिक आड़ देती है। जिससे निगरानी करना मुश्किल हो जाता है और घेरे में फंसे आतंकवादी ब्लाइंड स्पॉट का फायदा उठाकर घेरा तोडऩे में कामयाब हो सकते हैं। ऐतिहासिक रूप से शोपियां दक्षिण कश्मीर को मध्य कश्मीर और पीर पंजाल रेंज से जोडऩे वाला एक अहम ट्रांजिट कॉरिडोर रहा है। माना जा रहा है कि गनी के अलावा घेरे में फंसा दूसरा आतंकवादी लतीफ  था जो पिछले साल ही इस संगठन में शामिल हुआ था।

   

सम्बंधित खबर