हेमंत सरकार पर जमकर बरसे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

लातेहार, 23 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के लातेहार जिला मुख्यालय में सोमवार को लोजपा (रामविलास) की हुंकार रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने झारखंड सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार और यहां के मुख्यमंत्री ने पूरे देश में झारखंडियों को शर्मसार कर दिया।

चिराग ने कहा कि पिछला 5 वर्ष झारखंड का युवा अवस्था था। इस युवावस्था में झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं थीं लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड राज्य के विकास को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। चुनाव से पूर्व वर्तमान सरकार ने जो जनता से वादे किए थे, उन वादों को पूरा करने के बदले सरकार में शामिल लोग अपने स्वार्थ साधने में लगे रहे। इसी का परिणाम है कि पिछले 5 वर्षों में झारखंड का विकास पूरी तरह रुक गया।

चिराग ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सिर्फ झारखंड में लूट मच गई। इसीलिए यहां के मुख्यमंत्री तक को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा। मुख्यमंत्री के अलावा कई अन्य मंत्रियों और अधिकारियों को भी भ्रष्टाचार के मामले में जेल जाना पड़ा है। इस पूरी घटनाक्रम से झारखंड के रहने वाले लोग शर्मसार हो गए। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य अभी भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।

चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान ने विकसित झारखंड का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि मैं संकल्प लेता हूं कि झारखंड राज्य को देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल करुंगा लेकिन इसके लिए राज्य के युवाओं को एक साथ होकर राज्य के विकास में सहयोग देना होगा। जो लोग लूट और विद्वेष की राजनीति करते हैं, उन लोगों को सबक सिखाना है।

रैली को जमुई के सांसद अरुण भारती, सांसद राजेश वर्मा और लोजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान आदि ने भी संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

   

सम्बंधित खबर