सागर: नामांतरण के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा
- DSS Admin
- Jun 12, 2026
सागर, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जैसीनगर तहसील क्षेत्र में पदस्थ एक पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बम्होरी घाट हल्का क्रमांक-34 में पदस्थ पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर पर नामांतरण (दाखिल-खारिज) की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। इस संबंध में सागर के तिली वार्ड निवासी भगवान दास सोलंकी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी पुत्रवधू ने ग्राम कंकर कुइया में 1.4 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी थी, जिसके नामांतरण के लिए तहसीलदार कार्यालय जैसीनगर में आवेदन दिया गया था। आरोप है कि संबंधित पटवारी फाइल आगे बढ़ाने के बदले 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शुक्रवार को शिकायतकर्ता को केमिकल युक्त नोट देकर आरोपित के पास भेजा गया। तिली तिराहा स्थित गणेशपुरम रोड क्षेत्र में जैसे ही पटवारी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की राशि स्वीकार की, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपित के पास से रिश्वत की राशि बरामद की गई। हाथ धुलवाने पर रासायनिक परीक्षण भी सकारात्मक पाया गया।
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। कार्रवाई महानिदेशक (लोकायुक्त) योगेश देशमुख तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में निरीक्षक रंजीत सिंह, कमल सिंह उइके एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
लोकायुक्त पुलिस अब आरोपित के अन्य मामलों और उसकी संपत्ति संबंधी पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले के राजस्व विभाग में चर्चा का माहौल है।

