सोनीपत:प्रेम संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मामला दर्ज
- Vijesh Sharma
- Jun 28, 2026

सोनीपत, 28 जून । सोनीपत
के राई क्षेत्र में प्रेम संबंध के शक और रुपये के लेनदेन के विवाद में 26 वर्षीय युवक
की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी परिवार के लोगों ने युवक को खेत में
ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद
आरोपियों ने युवक के स्वजन को फोन कर हत्या की जानकारी दी।
मृतक
विशाल राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक बेसन बनाने वाली कंपनी में प्लांट ऑपरेटर के रूप
में काम करता था। वह मूल रूप से मेरठ जिले के खंदावली गांव का रहने वाला था और राई
क्षेत्र में रह रहा था। मृतक के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात
पड़ोस में रहने वाले अनुज का फोन आया।
फोन पर पीछे से विशाल के चिल्लाने की आवाज सुनाई
दे रही थी। जब उन्होंने विशाल से बात कराने को कहा तो जवाब मिला कि विशाल को मार दिया
है, आकर उसे ले जाओ। सूचना मिलते ही वह अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां पता
चला कि विशाल पर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
शिकायत
के अनुसार पड़ोसी परिवार को शक था कि विशाल के उनके परिवार की एक महिला से प्रेम संबंध
थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव चल रहा था। शिकायतकर्ता ने
यह भी आरोप लगाया कि आरोपित ने विशाल से 40 हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने
पर रंजिश और बढ़ गई, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
राई
थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है
कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द
उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------

