रोग प्रबंधन और बाजार भाव की जानकारी अब सीधे किसानों तक पहुंचेगी : विजय कुमार सिन्हा

-कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कृषि रेडियो प्रसार प्रणाली का शुभारम्भ

पटना, 29 सितंबर (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देते हुए सोमवार को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कृषि रेडियो प्रसार प्रणाली की शुरुआत की। इसके जरिये किसानों को मौसम पूर्वानुमान, फसल रोग प्रबंधन, कृषि योजनाओं, बाजार भाव और मंडी की स्थिति जैसी महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

इस मौके पर विजय सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि और कृत्रिम बुद्धिमत्ता मिलकर कृषि तकनीक में नई क्रांति ला सकते हैं। यह किसानों को न केवल उनकी आय बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने की क्षमता भी प्रदान करेगा।

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार सरकार ने कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग सुनिश्चित किया है। इस पहल के तहत “बिहार कृषि रेडियो” नामक डिजिटल रेडियो सेवा की शुरुआत की गई है, जिसे प्ले-स्टोर और ऐप-स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यह एप्लीकेशन किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना है।

विजय सिन्हा ने कहा कि इसमें मौसम पूर्वानुमान, फसल रोग प्रबंधन, कृषि योजनाओं, बाजार भाव और मंडी की स्थिति जैसी महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी। इस प्रणाली की प्रमुख विशेषताओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विश्लेषण शामिल है, जो मौसम, मिट्टी और बाजार से जुड़े डाटा का अध्ययन कर किसानों को त्वरित जानकारी प्रदान करेगा। यह रेडियो सेवा क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगी, ताकि किसान सरलता से समझ सकें। इसके अतिरिक्त यह सेवा चौबीस घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी और किसानों के लिए संवादात्मक सुविधा भी प्रदान करेगी, जिसके माध्यम से वे अपने सवालों का उत्तर सीधे एआई प्रणाली से प्राप्त कर सकेंगे।

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कृषि रेडियो प्रसार प्रणाली कृषि जगत में सूचना क्रांति लाने वाली साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, उनकी पैदावार बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के निदेशक नितिन कुमार सिंह, उद्यान विभाग के निदेशक अभिषेक कुमार समेत कृषि विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

   

सम्बंधित खबर