पूर्व उप मुख्यमंत्री 'सुशील मोदी की पहली पुण्यतिथि पर भाजपा ने आयाेजित की स्मरणांजलि सभा

पटना, 13 मई (हि.स.)। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री 'पद्मविभूषित' सुशील मोदी की आज पहली पुण्यतिथि मनायी गयी है।

पुण्यतिथि पर पटना के रविन्द्र भवन में भाजपा ने स्मरणांजलि सभा आयोजित की। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। स्मरणांजलि सभा में पहुंचे अन्य नेताओं ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी की तस्वीर पर पुष्पांजलि कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन गाथा तथा बिहार के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

दिलीप जायसवाल ने स्मरणांजलि सभा में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुशील मोदी से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला। बड़े नेता होने के बावजूद पूर्व सांसद सुशील मोदी कार्यकर्ताओं का सम्मान देना नहीं भूलते थे। उन्होंने उनके साथ काम करने को सौभाग्य बताते हुए कहा कि उनमें सबसे बड़ी विशेषता थी कि वे कार्यकर्ताओं की कार्यशैली और उसकी कार्यक्षमता की जबरदस्त पहचान रखते थे। वे सामाजिक समरसता और सामाजिक वर्गीकरण पर भी गहरी नजर रखते थे।

भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता के दुख की घड़ी में सुशील मोदी जरूर जाते थे। वे इसके लिए लंबी यात्रा करने से भी नहीं चूकते थे। उनकी संगठन के प्रति आदर को इससे से भी समझा जा सकता है कि बड़े नेता होने के बावजूद उन्होंने कार्यकर्ताओं को सम्मान देना कभी नहीं भूलते थे। वे अनुशासनप्रिय रहे। उनके पास आंकड़ों का भंडार था। वे तुरंत किसी को लेकर विचार नहीं बनाते थे। वे सीधे बात करने वाले थे, जिनमें जो कमियां होती थीं, वे उसे बोल देते थे। तथ्य के बिना कुछ नही बाेलना उनके विचाराे में शामिल था।

उन्होंने कहा कि उन्हें गांव के कार्यकर्ताओं तक के नाम याद थे और उन्हें वे फोन कर हालचाल लेते थे। यह उनसे सीखने की चीज है। उन्होंने कहा कि उनसे हमलोगों को बहुत कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने हालांकि यह भी स्वीकार किया कि कई चीजें जो जानने के बाद भी नहीं सीख पाया, उसे भी सीखने की आवश्यकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

   

सम्बंधित खबर