दक्षिण मुंबई में तीन विदेशी पिस्तौल के साथ 3 आरोपित गिरफ्तार

मुंबई, 23 मई (हि.स.)। मुंबई क्राइम ब्रांच ने दक्षिण मुंबई में डी' मेलो रोड स्थित सेंट जॉर्ज अस्पताल के पास जाल बिछाकर तीन आरोपितों को तीन अवैध विदेशी पिस्तौल और 45 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया है। यह सभी अवैध हथियार आरोपित मुंबई में बेचने के उद्येश्य से लाए थे। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

मुंबई क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त राज तिलक रौशन ने शनिवर को पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान जशनप्रीत मंगल सिंह, सुखविंदर (दोनों पंजाब के निवासी) और अरबाज (राजस्थान के झालावाड़ जिले का निवासी) के रूप में हुई है। इन तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है। जशनप्रीत सिंह और सुखविंदर पंजाब में हत्या के एक मामले में शामिल थे, जबकि अरबाज के खिलाफ 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस बात का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है कि ये हथियार किसे बेचे जाने थे और इस कथित सौदे में कितनी रकम शामिल थी। अधिकारी इन हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला और उनके मूल स्थान की भी जांच कर रहे हैं।

राज तिलक रौशन ने बताया कि बरामद की गई तीनों पिस्तौलों पर 'मेड चाईना ' (चीन निर्मित) लिखा हुआ है। हालांकि, केवल इस निशान के आधार पर हथियारों के मूल स्थान की सटीक पुष्टि नहीं की जा सकती, यह पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है कि ये हथियार कहां से हासिल किए गए थे और मुंबई तक कैसे पहुंचे।

---------------

   

सम्बंधित खबर