वासिम में चार लोगों की आत्महत्या मामले में चार पर केस दर्ज
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
मुंबई, 15 जून (हि.स.)। वाशिम जिले के मालेगांव तहसील के तिवली में एक ही परिवार के चार लोगों की आत्महत्या मामले में सोमवार को शिरपुर पुलिस स्टेशन की टीम ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन की तलाश जारी है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि 13 जून को संतोष बाकल की लाश महावितरण के पावर ग्रिड टावर से लटकी हुई मिली थी, जबकि उनकी पत्नी वर्षा उर्फ इंद्रायणी बाकल और दो छोटे बच्चों की लाशें एक कुएं में मिलीं थीं। इस घटना के बाद मृतक संतोष बाकल के साले यानी वर्षा बाकल के भाई सुधाकर सुभाष इंगोले ने शिरपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार संतोष बाकल के नाम पर खेती, ज़मीन के हिस्से और पैसों के लेन-देन को लेकर पिछले कई सालों से पारिवारिक झगड़ा चल रहा था। इस झगड़े की वजह से संतोष बाकल को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उन पर गाली-गलौज करने, बेइज्जत करने और दबाव बनाने का भी आरोप है। इस शिकायत के आधार पर शिरपुर पुलिस ने महादेव उर्फ महादा तुकाराम बाकल, उर्मिला महादा बाकल, पंकज महादा बाकल और भगवान उर्फ सावन महादा बाकल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
इस बीच, इस मामले के मुख्य आरोपित महादेव बाकल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपितों की तलाश जारी है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
---------------

