नगर परिषद चुनाव: कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को मिल रहा जनता का समर्थन : अजय सोलंकी
- DSS Admin
- May 16, 2026
नाहन, 16 मई (हि.स.)। विधायक अजय सोलंकी ने दावा किया है कि नाहन नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और इस बार नगर परिषद में कांग्रेस समर्थित बोर्ड बनने जा रहा है।
शनिवार को जारी बयान में विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नगर परिषद चुनाव के लिए प्रचार अभियान समाप्त हो चुका है और अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता चुनाव के दौरान बड़े-बड़े लोकलुभावन वादे कर रहे हैं, लेकिन जनता को स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करना चाहिए।
सोलंकी ने कहा कि स्वच्छता, नगर की सुंदरता और मूलभूत सुविधाएं नाहन की प्रमुख आवश्यकताएं हैं। उन्होंने मतदाताओं से नाहन की भाईचारे और सौहार्द की संस्कृति को बनाए रखते हुए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से नाहन नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा रहा है, लेकिन इस दौरान नगर की स्थिति बदहाल हो गई। विधायक ने कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है और नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान कर भाजपा को जवाब देने के मूड में है।

