मनसे जिला अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, राज ठाकरे को करारा झटका
- Admin Admin
- Nov 28, 2025
मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कल्याण-डोंबिवली जिला अध्यक्ष प्रकाश भोईर ने शुक्रवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। ऐन नगर निकाय चुनाव के दौरान प्रकाश भोईर के इस्तीफे से मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे को करारा झटका लगा है।
प्रकाश भोईर ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने आज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और कल्याण -डोंबिवली जिला अध्यक्ष पद का इस्तीफा मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे को भेज दिया है। भोईर ने कहा पार्टी में उन्हें महत्व नहीं दिया जा रहा था, इसी वजह से उन्होंने मनसे से अलग हटने का निर्णय लिया है। भोईर ने कहा कि वे बहुत जल्द अपने अगले राजनीतिक सफर का ऐलान करेंगे। हालांकि प्रकाश भोईर कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की मीटिंग में शामिल हुए थे। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि बहुत जल्द प्रकाश भोईर भाजपा में शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



