उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर चलती बस में लगी आग, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
- DSS Admin
- May 11, 2026
सलूंबर, 11 मई (हि. स.)। सलूंबर जिले में उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब 40 यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने जान बचाने के लिए इमरजेंसी खिड़कियों एवं मुख्य द्वार से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसा परसाद थाना क्षेत्र में थाने के सामने करीब तीन बजे हुआ। निजी ट्रैवल्स की स्लीपर बस उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। यात्रा के दौरान अचानक बस के भीतर धुआं उठने लगा। प्रारंभ में यात्रियों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन कुछ ही मिनटों में धुआं तेजी से फैलने लगा। स्थिति गंभीर होते देख चालक और परिचालक ने तत्काल बस रोककर यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई यात्री घबराहट में इमरजेंसी खिड़कियों से कूदकर बाहर निकले। देखते ही देखते बस में आग की तेज लपटें उठने लगीं। हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन भी रुक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परसाद थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने तक कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात रोकना पड़ा।
थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए और मौके पर राहत कार्य शुरू कराया गया। समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल रहा।
---------------

