फडणवीस ने लगाया मविआ राज में भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाने का आरोप

मुंबई, 10 अगस्त (हि. स.)। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को महाविकास आघाड़ी राज में अधिकारियों की मदद से भाजपा नेताओं पर झूठा मामला दर्ज करवाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। फडणवीस ने कहा कि उन पर भी चार झूठे मामले दर्ज करने की कोशिश की गई थी लेकिन साजिश सफल नहीं हुई थी। फडणवीस ने यह भी कहा कि इसके लिए पिछली सरकार में अधिकारियों को डराया धमकाया जाता था।

दरअसल, मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने शनिवार को सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि महाविकास अघाड़ी सरकार के दौरान मुझ पर देवेंद्र फड़णवीस के खिलाफ केस दर्ज करने का दबाव था। परमबीर सिंह के इस बयान पर देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा कि परमबीर सिंह ने जो कहा वह सच है। महाविकास अघाड़ी ने मुझे गिरफ्तार करने के लिए कुछ अधिकारियों को सुपारी दी थी। हम इसे उजागर करने में सक्षम थे। मुझे, प्रवीण दरेकर, गिरीश महाजन और कुछ अन्य नेताओं को जेल में डालने के लिए सुपारी दी गई थी।

देवेंद्र फडणवीस ने यह भी दावा किया, परमबीर सिंह ने केवल एक घटना बताई, लेकिन मुझे गिरफ्तार करने की चार बार कोशिश की गई लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। उनके वीडियो सबूत सीबीआई को दिए गए। आज भी हमारे पास कई वीडियो सबूत हैं।

पूर्व पुलिस अधिकारी परमबीर सिंह ने शनिवार को फिर से कहा कि महाविकास अघाड़ी सरकार के दौरान मुझ पर देवेंद्र फडणवीस, प्रवीण दरेकर, गिरीश महाजन के खिलाफ मामला दर्ज करने का दबाव था। इसके साथ ही मुंबई ही नहीं, राज्य के कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को वसूली के लिए दबाव डाला गया था। अब तक सिर्फ 10 फीसदी मामले ही सामने आए हैं, बहुत जल्द बहुत से मामले सामने आ सकते हैं। परमबीर सिंह ने यह भी कहा कि मुझे इन नेताओं के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए सिल्वर ओक और मातोश्री में बुलाया गया था लेकिन मैंने झूठे केस दर्ज कराने से इनकार कर दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव / दधिबल यादव

   

सम्बंधित खबर